बगदाद, 23 मई (आईएएनएस)। इराक के प्रधानमंत्री हैदर अल-अबादी ने रविवार को घोषणा की कि आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के कब्जे से फालुजा शहर को मुक्त कराने के लिए आक्रामक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों को सुरक्षित मार्गो से होकर बाहर आने के लिए कहा गया है।
समाचार चैनल ‘आरटी’ की वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, अबादी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, “फालुजा की मुक्ति का शून्यकाल आ गया है। महान जीत का पल करीब आ गया है और आईएस के पास दुम दबाकर भागने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।”
इराक की आक्रामक कार्रवाई को सेना, पुलिस की आतंकवाद का मुकाबला करने वाली इकाईयां, स्थानीय कबायली लड़ाके और शिया मुस्लिम लड़ाका सेना का गठबंधन अंजाम देगा। वहीं, हवाई समर्थन अमेरिका के नेतृत्व वाले गठबंधन द्वारा मुहैया कराया जाएगा।
सेना ने फेसबुक पर जारी एक बयान में कहा, “फालुजा में अभी तक रुके हुए नागरिक उन सुरक्षित मार्गो से होकर शहर छोड़ने के लिए तैयार रहें, जिनकी घोषणा बाद में की जाएगी।”
सेना ने कहा कि जो परिवार शहर छोड़ने की स्थिति में नहीं हैं, वे शहर में अपने ठिकाने का पता बताने के लिए सफेद झंडे लहराएं।
अबादी ने एक टेलीविजन संबोधन में कहा, “हमारा लक्ष्य नागरिकों को आईएस के नियंत्रण एवं आतंकवाद से मुक्त कराना है।”
फालुजा आईएस की पकड़ वाला राज्य है, जो बगदाद से करीब 50 किलोमीटर दूर पश्चिम में है। यह पहला शहर है, जिस पर आईएस ने जनवरी 2014 में कब्जा कर लिया था।
dharmpath.com dharmpath