नई दिल्ली, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। नई दिल्ली में इलेक्टॉनिक उपकरणों एवं नवीनतम प्रौद्योगिकियों पर क्रेंद्रित तीन दिवसीय इलेक्ट्रॉनिका इंडिया और प्रोडक्टोनिका इंडिया मेला गुरुवार को शुरू हुआ। मेले में करीब 1500 बैठकें होने की उम्मीद है जिसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। पिछले संस्करण में खरीदार-विक्रेता फोरम में 450 करोड़ रुपये का कारोबार किया गया।
मेसी म्यूएंचेन इंडिया ने गुरुवार को आधिकारिक तौर पर अपने प्रमुख व्यापारिक मेलों- इलैक्ट्रॉनिका इंडिया और प्रोडक्टोनिका इंडिया के 18 वें संस्करण की शुरुआत की। इन दोनों मेलों का आयोजन यहां 14 से 16 सितंबर तक प्रगति मैदान में किया जा रहा है।
मेसी म्यूएंचेन इंडिया ने एक बयान में कहा कि यह मेला एक व्यापारिक अवसर है। इस दौरान नवीनतम प्रौद्योगिकियों और नए उत्पादों का पता लगाने के लिए एक ही मंच पर वैश्विक और घरेलू प्रदर्शक, सलाहकार, व्यापार विशेषज्ञ और प्रमुख सरकारी अधिकारी एकत्र होते हैं। अगले दो दिनों के दौरान इस ट्रेड फेयर में इलेक्ट्रॉनिक अवयवों, प्रणालियों, अनुप्रयोगों और उत्पादन प्रौद्योगिकियों से संबंधित प्रमुख अवसरों और चुनौतियों पर विचार-विमर्श आयोजित किया जाएगा।
मेसी म्यूएंचेन इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भूपिंदर सिंह ने बताया, “इलेक्ट्रॉनिका इंडिया और प्रोडक्टोनिका इंडिया में इस साल हमने ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री के लाभ के लिए एक बाजार अनुसंधान रिपोर्ट प्रकाशित करने के लिए ईएसी इंटरनेशनल कंसल्टिंग को नियुक्त किया है।”
सिंह ने कहा, “इलेक्ट्रॉनिका इंडिया और प्रोडक्टोनिका इंडिया की अहमियत व्यापार मेलों से भी कहीं अधिक साबित हुई है। अगले दो दिनों में आगंतुकों को बाजार के रुझान के बारे में गहरी जानकारी मिलने की उम्मीद है और सबसे महत्वपूर्ण यह है कि वे विकास के नए अवसरों का उपयोग कर सकते हैं। जर्मनी, चीन और भारत में हमारी वैश्विक पहुंच इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग को निरंतर लाभ पहुंचा रही है।”
dharmpath.com dharmpath