इस्लामाबाद, 2 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान में भारी बारिश व आंधी-तूफान से कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं व बच्चे भी शामिल हैं।
बचाव सेवाओं ने कहा कि इस्लामाबाद में भारी बारिश से 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 69 अन्य घायल हो गए। वहीं, रावलपिंडी में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 122 अन्य घायल हो गए।
इस्लामाबाद इलेक्ट्रीक सप्लाई कंपनी (आईईएससीओ) के एक प्रवक्ता ने कहा, “इस्लामाबाद के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई है। बारिश व आंधी के कारण आईईएससीओ का संचालन प्रभावित हुआ है।”
विमानन सूत्रों के मुताबिक, बेनजीर अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
इसके अलावा, तेज हवाओं के कारण कई मेट्रो स्टेशनों के खिड़कियों के शीशे टूटने से मेट्रो बस सेवा रद्द कर दी गई है।
इस्लामाबाद के पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि पुलिसकर्मी अलर्ट हैं।
भारी बारिश से संघ प्रशासित कबायली इलाकों व खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में व्यापक तबाही मची है। बचावकर्ताओं ने कहा कि नौशेरा तथा जमरूद में दो महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई। चारसड्डा में एक बच्चे की मौत की सूचना है।
dharmpath.com dharmpath