इस्लामाबाद में हार्ट ऑफ एशिया सम्मेलन शुरू

इस्लामाबाद, 9 दिसम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बुधवार को ‘द हार्ट ऑफ एशिया-इस्तांबुल प्रोसेस’ सम्मेलन शुरू हो गया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया।

सम्मेलन का उद्देश्य अफगानिस्तान में शांति एवं स्थिरता को बढ़ावा देना तथा क्षेत्रीय आर्थिक सहयोग व संपर्क को मजबूत बनाना है।

‘रेडियो पाकिस्तान’ की रिपोर्ट के अनुसार, इस सम्मेलन में 17 देशों और 12 अंतर्राष्ट्रीय तथा क्षेत्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के शिरकत करने की उम्मीद है। इसकी शुरुआत वर्ष 2011 में अफगानिस्तान ने की थी।

सम्मेलन में शिरकत करने के लिए भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी यहां पहुंची हुई हैं। वह बाद में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और उनके राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के सलाहकार सरताज अजीज से भी मिलेंगी।

इस साल सम्मेलन का थीम ‘एशिया क्षेत्र में सुरक्षा खतरों के खिलाफ मजबूत सहयोग और आपसी संपर्क को बढ़ाना’ है। सम्मेलन में शिरकत करने वाले देश क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा, आर्थिक विकास तथा संपर्क को बढ़ावा देने की दिशा में काम करने को लेकर प्रतिबद्धता जताएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493