ढाका, 27 नवंबर (आईएएनएस)। नासूर बनते जा रहे आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने बांग्लादेश में एक शिया मस्जिद पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली है। गुरुवार को हुए इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई थी, जबकि तीन अन्य घायल हो गए थे।
वेबसाइट ‘बीडीन्यूज24’ की शुक्रवार की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने कहा कि शिबगंज इलाके में अल-मुस्तफा शिया मस्जिद में गुरुवार शाम की नमाज के दौरान तीन हथियाबंद लोगों ने हमला किया था। यह जगह ढाका से करीब 125 किलोमीटर दूर उत्तर में है।
आतंकवादी गतिविधियों पर नजर रखने वाले अमेरिका के एसआईटीई इंटेलिजेंस ग्रुप ने अपनी वेबसाइट पर लिखा है कि आईएस ने एक ट्वीट कर इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
बांग्लादेश के अधिकारी हालांकि अब भी इस बात पर कायम हैं कि देश में आईएस सक्रिय नहीं है।
प्रधानमंत्री शेख हसीना ने हमलावरों को ‘मानसिक रूप से बीमार’ और ‘सच्चा मुसलमान नहीं’ करार दिया है।
आतंकवादी संगठन आईएस ने अंग्रेजी भाषा की अपनी पत्रिका ‘दाबिक’ में यह कहते हुए बांग्लादेश में और हमले करने की धमकी दी है कि उनके समर्थक ‘एक नए सरगना’ की छत्रछाया में एकजुट हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath