लिली (फ्रांस), 13 जून (आईएएनएस)। यूरो कप 2016 में यूक्रेन के खिलाफ जीत हासिल करने वाली जर्मनी फुटबाल टीम के मिडफील्डर टोनी क्रूस का कहना है कि उनकी कोशिश आने वाले मैचों में अपने इसी प्रदर्शन को कायम रखने की होगी।
जर्मनी ने ग्रुप-सी के अपने पहले मुकाबले में यूक्रेन को 2-0 से मात दी थी। क्रूस को इस मैच में मैन ऑफ द मैच चुना गया था।
जीत के बाद क्रूस ने कहा, “मेरा काम खेल को अच्छे स्तर पर लाना है। मैं अपनी टीम के सबसे शानदार खिलाड़ी के पास गेंद देखना चाहता हूं। इस मैच में यह रणनीति कामयाब रही। उम्मीद है कि आगे भी मैं इस तरह का प्रदर्शन करता रहूंगा।”
उन्होंने कहा, “रियल मेड्रिड के सभी खिलाड़ी चैम्पियंस लीग जीतने के बाद अच्छी भावना के साथ यहां आए हैं। मेरे लिए उस जीत के क्रम को जारी रखना शानदार है, लेकिन हम किसी भ्रम में नहीं हैं। यह सिर्फ पहला मैच था।”
विश्व विजेता टीम के इस खिलाड़ी ने कहा है कि अगर टीम को इस टूर्नामेंट में जीत हासिल करनी है तो उसे चतुराई के साथ खेलना होगा।
क्रूस ने कहा, “अगर हमें यह टूर्नामेंट जीतना है तो हमें थोड़ा चालाकी से खेलना होगा। इस मैच में हम शुरुआत के 25 मिनट विपक्षी टीम पर हावी रहे, लेकिन पूरे 90 मिनट में कई ऐसे मौके आते हैं जिन पर आपका बस नहीं रहता। यूक्रेन ने यह भांप लिया था कि हमारे पास सही नहीं जा रहे हैं जिसके कारण वह हम पर कुछ देर के लिए हावी हो गए थे। हालांकि अंत तक हमने इसे ठीक कर लिया।”
dharmpath.com dharmpath