इस साल हज यात्रा पर नहीं जाएंगे ईरानी

तेहरान, 12 मई (आईएएनएस)। ईरान ने गुरुवार को ऐलान किया कि वह इस साल अपने नागरिकों को हज यात्रा पर नहीं भेजेगा। ईरान ने इस स्थिति के लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया है। उसने कहा है कि ईरानी हजयात्रियों के लिए आवश्यक व्यवस्था करने में सऊदी अरब ने सहयोग करने से इनकार कर दिया है। इसी वजह से उसे यह फैसला लेना पड़ा है।

ईरान के मंत्री अली जन्नाती ने कहा, “हज के लिए माहौल तैयार नहीं है। हम समय खो चुके हैं। हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन सऊदियों ने सब कुछ गड़बड़ (सैबोटॉज) कर दिया।”

प्रेस टीवी के मुताबिक ईरान के एक प्रतिनिधिमंडल ने बीते महीने सऊदी अरब में चार दिन तक रुक कर मामले को सुलझाने की कोशिश की। लेकिन, ईरान में सऊदी अरब का राजनयिक मिशन बंद होने और ईरानी विमानों के सऊदी अरब आने पर लगी रोक की वजह से बात अटक गई।

सऊदी अरब ने तेहरान और मशहद में अपने राजनयिक परिसरों पर लोगों के हमले के बाद इसी साल 3 जनवरी को ईरान से राजनयिक संबंध तोड़ लिए थे। हमला सऊदी अरब में शिया धर्म गुरु निम्र अल निम्र को दी गई मौत की सजा के विरोध में हुआ था।

जन्नाती ने कहा कि सऊदी अधिकारियों ने ईरानी प्रतिनिधिमंडल के साथ दुर्व्यवहार किया। ईरान की हज एवं तीर्थयात्रा संस्था के प्रमुख सईद ओहदी के नेतृत्व में गए इस प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के साथ उंगलियों के निशान लेने जैसे शत्रुतापूर्ण व्यवहार किए गए।

जन्नाती ने कहा, “उनका रवैया ठंडा और खराब था। उन्होंने वीजा जारी करने के बारे में, परिवहन और हजयात्रियों की सुरक्षा के बारे में हमारे प्रस्तावों को नहीं माना। सऊदी अधिकारियों ने कहा कि ईरान के नागरिकों को तीसरे देश जाकर वहां से ही वीजा लेना होगा।”

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हुसैन जाबेरी अंसारी ने बुधवार को सऊदी अरब से कहा था कि वह राजनैतिक मतभेदों का असर इस्लामी परंपराओं पर न डालें।

ईरान का कहना है कि सऊदी अरब को तेहरान स्थित स्विट्जरलैंड के दूतावास के जरिए वीजा जारी करना चाहिए। ईरान से सऊदी अरब द्वारा राजनयिक संबंध तोड़ने के बाद स्विस दूतावास ही ईरान में सऊदी हितों की देखभाल कर रहा है। लेकिन, सऊदी अरब ने साफ कर दिया कि ईरान के हजयात्रियों को किसी तीसरे देश की एयरलाइन से ही आना होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493