नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) ने शनिवार को सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स इंडिया लि. (ईपीआईएल) के प्रबंधक के खिलाफ 50 लाख रुपये की रिश्वत लेने का मामला दर्ज किया है।
यह रकम दो अलग-अलग कंपनियों से त्रिपुरा और कोलकाता में उन्हें सार्वजनिक कार्यो के ठेके देने के एवज में ली गई थी।
सीबीआई के जांचकर्ताओं ने बताया कि ईपीआईएल की दिल्ली शाखा के कर्मी पारितोष कुमार प्रवीण ने कथित रूप से इन ठेकों के एवज में 1.5 करोड़ रुपये की मांग की थी, लेकिन केवल 50 लाख रुपये की रकम लेने के सबूत ही मिल पाए हैं।
पहले मामले में कोलकाता की एक निर्माण कंपनी के मालिक से पश्चिम बंगाल के न्यू टाउन (जो एक सैटेलाइट शहर है और तेजी से विकसित हो रहा है) में एक परियोजना के ठेके के लिए रिश्वत ली गई। वहीं, दूसरे मामले में गुवाहाटी की एक कंपनी के निदेश के ईपीआईएल के अधिकारी ने ओएनजीसी की त्रिपुरा पॉवर कंपनी के लोक निर्माण कार्य का ठेका देने के लिए रिश्वत ली।
उन्होंने बताया कि एजेंसी ने लखनऊ, भागलपुर, पूर्णिया, बस्तर, बिलासपुर, कोलकाता, गुवाहाटी, उदयपुर (त्रिपुरा), भुवनेश्वर, राउरकेला और दिल्ली सहित आठ राज्यों में एक दर्जन से ज्यादा स्थानों पर छापेमारी की।
dharmpath.com dharmpath