ईपीएल : युनाइटेड ने क्रिस्टल पैलेस को दी मात

लंदन, 6 मार्च (आईएएनएस)। नेमांजा मेटिक की ओर से अतिरिक्त समय में किए गए गोल के दम पर मैनचेस्टर युनाइटेड ने इंग्लिश प्रीमियर लीग में मंगलवार को खेले गए 29वें दौर के मैच में क्रिस्टल पैलेस को 3-2 से मात दी।

समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, इस जीत के साथ युनाइटेड ने एक बार फिर लीग सूची में दूसरे स्थान पर अपना कब्जा जमा लिया है।

पैलेस ने मैच की अच्छी शुरुआत की थी। 11वें मिनट में एंड्रोस टाउनसेंड की ओर से दागे गए गोल के दम पर टीम ने 1-0 से बढ़त ली और इसे पहले हाफ की समाप्ति तक बनाए रखा।

दूसरे हाफ में भी 48वें मिनट में पैट्रिक वान एनहोल्ट की ओर से किए गए गोल के साथ पैलेस 2-0 से आगे हो गया।

युनाइटेड अब भी संघर्ष कर रहा था, लेकिन 55वें मिनट में क्रिस स्मालिंग की ओर से किए गए गोल के साथ टीम ने खेल में वापसी की।

इसके बाद, 76वें मिनट में रोमेलु लुकाकु के गोल से युनाइटेड ने पैलेस के खिलाफ अपना स्कोर 2-2 से बराबर किया।

ऐसे में मेटिक ने 91वें मिनट में गोल कर युनाइटेड को पैलेस के खिलाफ 3-2 से जीत दिलाई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493