ईयू ब्रिटेन की गैर मजूदगी में ब्रेक्सिट पर चर्चा करेगा

ब्रसेल्स, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। यूरोपीय संघ (ईयू) के सदस्य देश ब्रेक्सिट (ब्रिटेन के यूरोपीय संघ से अलग होने) मुद्दे पर ब्रिटेन के साथ बातचीत के लिए एक संयुक्त रणनीति तय करने संबंधी चर्चा के लिए ब्रसेल्स में बैठक करेंगे।

बीबीसी की शनिवार की रपट के मुताबिक, इस चर्चा में ईयू के 27 सदस्य देश शामिल होंगे, लेकिन ब्रिटेन इस चर्चा में शामिल नहीं होगा।

ईयू चर्चा में संघ से ब्रिटेन के अलग होने के मुद्दे को गति देने पर जोर देगा।

ब्रिटेन में आठ जून को निर्धारित आम चुनाव से पहले ब्रिटेन और ईयू के बीच आधिकारिक वार्ता नहीं होगी।

यूरोपीय संघ के अध्यक्ष डोनाल्ड टस्क ने शुक्रवार को ईयू के 27 देशों के नेताओं को लिखे पत्र में कहा, “भविष्य में ब्रिटेन के साथ ईयू के रिश्ते पर चर्चा से पहले जनता, धनराशि और आयरलैंड पर सहमति होनी जरूरी है।”

उन्होंने कहा, “अपने भविष्य पर चर्चा करने से पहले हमें अपने इतिहास पर चर्चा करनी होगी।”

बीबीसी के मुताबिक, टस्क ने पत्र में कहा, “जब तक ईयू से ब्रिटेन के अलग होने से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर सहमति नहीं बनेगी, हम ब्रिटेन के साथ भविष्य में अपने संबंधों पर बात नहीं करेंगे।”

इसी बीच, जर्मनी के वित्त मंत्री वूल्फगैंग श्योबल ने कहा कि ब्रेक्सिट पर चर्चा समाप्त होने के बाद ब्रिटेन को 27 ईयू सदस्यों से किसी प्रकार का समर्थन नहीं मिलेगा।

ईयू अधिकारियों के अनुमान के मुताबिक, संघ के बजट नियमों के अनुसार, ब्रिटेन को 65 अरब डॉलर का भुगतान करना पड़ेगा।

इस पर ब्रिटिश नेताओं ने कहा है कि सरकार इतनी बड़ी रकम का भुगतान नहीं करेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493