संयुक्त राष्ट्र, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने स्विट्जरलैंड के लुसाने में ईरान के विवादित परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता के दौरान एक व्यापक समझौते के प्रारूप पर बनी सहमति के लिए विश्व की छह शक्तियों व ईरान को बधाई दी है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, गुरुवार को जारी एक बयान में बान ने कहा कि यह प्रारूप उस ऐतिहासिक व्यापक संयुक्त कार्ययोजना तक पहुंचने में मददगार होगा, जिसे 30 जून तक हासिल किया जाना है।
बयान के मुताबिक, “यह व्यापक समझौता ईरान के परमाणु कार्यक्रम को सीमित करेगा और साथ ही उसपर लगे सभी प्रतिबंध हट जाएंगे।”
बान ने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को यह आश्वासन देते हुए कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है, संभावित समझौता ईरान की जरूरतों व अधिकारों का आदर करेगा।”
पी5 प्लस1 समूह (अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, रूस, चीन व जर्मनी) के विदेश मंत्री गुरुवार को ईरान के विवादित परमाणु कार्यक्रम से संबंधित बड़े मुद्दों के समाधान के मानकों पर सहमत हुए। यह सहमति स्विश शहर लुसाने में आठ दिनो तक चली गहन वार्ता के बाद बन पाई है। अब जून अंत तक अंतिम व्यापक समझौता करना है।
बान ने कहा कि उनका मानना है कि ईरान के परमाणु मुद्दों पर एक व्यापक समझौता क्षेत्र की शांति व स्थिरता में मददगार होगा।
dharmpath.com dharmpath