ईरान की संसद व खोमैनी के मकबरे पर हमला, 7 की मौत (लीड-2)

तेहरान, 7 जून (आईएएनएस)। ईरानी संसद की इमारत और देश के पूर्व सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्लाह खोमैनी के मकबरे पर बुधवार को हुए हमलों में सात लोगों की मौत हो गई।

समाचार एजेंसी एफे न्यूज के मुताबिक, संसद सत्र के दौरान सात बंदूकधारी अंदर घुसे और सुरक्षाकर्मियों एवं आगंतुकों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी, जिसमें सात सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।

ईरान की समाचार एजेंसी तसनीम के मुताबिक, बंदूकधारियों ने संसद की इमारत की ऊपरी मंजिलों पर चार लोगों को बंधक बना लिया है।

समाचार एजेंसी फार्स के मुताबिक, घायलों में सुरक्षाकर्मी एवं नागरिक शामिल हैं।

संसद भवन के दरवाजे बंद कर दिए गए और अंदर मौजूद सांसदों एवं पत्रकारों को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई।

सांसद तायेबेह सियावोशी ने एफे को बताया कि स्थिति बहुत अफरातफरी वाली और संवेदनशील है। उन्होंने पहले दी गई इस जानकारी को गलत बताया कि स्थिति नियंत्रण में है।

हमलावरों में से एक गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि तीन अन्य अभी भी संसद भवन के भीतर हैं।

संसद भवन पर हुए हमले के कुछ देर बाद ही अयातुल्लाह खोमैनी के मकबरे पर भी हमला हुआ, जिसमें कई लोग घायल हो गए। मकबरे में गोलीबारी करने वाले बंदूकधारियों की संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है लेकिन सरकारी टेलीविजन का कहना है कि हमलावरों में से एक ने खुद को उड़ा दिया है।

ईरान समाचार एजेंसी लेबर ने बताया कि अन्य दो हमलावरों को गिरफ्तार किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493