लुसाने, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान के विवादित परमाणु कार्यक्रम को सुलझाने के लिए एक समझौते पर पहुंचने को लेकर विश्व की छह बड़ी शक्तियों तथा ईरान के बीच वार्ता से आशान्वित ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जावेद जरीफ ने गुरुवार को कहा कि उनका वार्ताकार दल शुक्रवार को तेहरान वापस रवाना हो सकता है।
वर्तमान दौर की वार्ता के विस्तार के बारे में एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए जरीफ ने कहा, “ईश्वर की इच्छा, हम शुक्रवार को तेहरान में होंगे।”
ईरान की समाचार एजेंसी इरना की एक रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने आगे कहा कि लुसाने की वार्ता में वह ईरान के परमाणु मसले के समाधान को लेकर आशान्वित हैं।
जरीफ ने गुरुवार देर शाम एक संभावित प्रेस विज्ञप्ति जारी करने का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि वार्ता सही दिशा में चली, तो जुलाई की समयसीमा के पहले ही हम एक अंतिम समझौते पर पहुंच चुके होंगे।
ईरान के विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि समन्वय के लिए पी5प्लस1 तथा ईरान के बीच एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी करने की जरूरत है।
ईरान के परमाणु मसले पर पी5प्लस1 के विभिन्न सदस्यों की विभिन्न धारणाओं की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि तथ्य तो यही है कि ईरान तथा पी5प्लस1 ने लुसाने वार्ता के दौरान मसले के संभावित समाधान की समीक्षा की है।
उन्होंने कहा, “जुलाई की समयसीमा के पहले एक अंतिम समझौते पर पहुंचने के लिए बाकी के मुद्दों पर चर्चा करने की जरूरत है।”
वार्ता में अगले कदम के लिए पी5प्लस1 के सदस्य देशों ने गुरुवार सुबह एक आंतरिक बैठक की।
समाचार एजेंसी ‘सिन्हुआ’ ने अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैरी हार्फ के हवाले से कहा कि राजनयिकों ने बुधवार रात से गुरुवार सुबह छह बजे तक बातचीत की।
हार्फ ने ट्वीट कर बताया, “अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी और उनकी वार्ता टीम इस सुबह फिर से बातचीत के लिए तैयार है।”
समझौते की रूपरेखा तैयार करने के लिए 31 मार्च को निर्धारित समयावधि के बीत जाने के दो दिन बाद आठवें दिन भी चर्चा का दौर जारी रहा।
फ्रांस के विदेश मंत्री लॉरेंट फैबियस बुधवार देर शाम लुसाने वापस लौटकर चर्चा में दोबारा शामिल हो गए।
मीडिया रपटों के मुताबिक ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जावेद जरीफ ने गुरुवार सुबह कहा है कि परमाणु मुद्दे पर महत्वपूर्ण दिशा में वार्ता आगे बढ़ रही है।
dharmpath.com dharmpath