ईरान : सैन्य परेड पर हमले में 10 की मौत (लीड-1)

तेहरान, 22 सितम्बर (आईएएनएस)। ईरान के खुजेस्तान प्रांत में शनिवार को एक सैन्य परेड पर बंदूकधारियों के हमले में 10 लोग मारे गए और एक महिला व एक बच्चे समेत 21 लोग घायल हो गए।

इराक के साथ आठ वर्षीय युद्ध की समाप्ति के बाद पूरे देश में इसकी 30वीं वर्षगांठ के अवसर पर परेड का आयोजन किया गया। यह परेड भी उसी का हिस्सा थी। ईरान-इराक युद्ध सितम्बर 1980 में शुरू हुआ था और अगस्त 1988 में समाप्त हुआ था।

समाचार एजेंसी इरना ने खुजेस्तान के गवर्नर गुलाम-रजा शरिआती के हवाले से कहा, “इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कार्प्स (आईआरजीसी) और बसीजी (वालिंटियर) बलों की तरह छद्मवेष धारण किए आतंकवादियों ने परेड के दौरान गोलीबारी की।”

समाचार एजेंसी फार्स ने कहा कि हमला सुबह नौ बजे शुरू हुआ। घटना में चार बंदूकधारी शामिल थे। हमलावरों ने परेड के समीप एक पार्क से गोली चलाई। वे सेना की वर्दी पहने हुए थे।

शरिआती ने कहा, “चार आतंकवादियों में से दो को मार दिया गया और दो को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किया गया एक आतंकवादी घायल है।”

मरने वालों में सैन्यकर्मियों के अलावा एक पत्रकार भी शामिल है।

ईरानी विदेश मंत्री मोहम्मद जावेद जरीफ ने घटना के लिए अमेरिका के समर्थन वाली ‘विदेशी ताकतों’ को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने एक ट्वीट में कहा, “विदेशी ताकतों द्वारा भर्ती, प्रशिक्षित, सशस्त्र और भुगतान किए गए आतंकवादियों ने अहवाज में हमला किया। ईरान क्षेत्र में आतंकवाद के संरक्षकों और उनके अमेरिकी आका को इस हमले के लिए जिम्मेदार मानता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493