कोलकाता, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। देश के दिग्गज फुटबाल क्लबों मोहन बागान और ईस्ट बंगाल ने बुधवार को बंगाली नववर्ष के अवसर पर नए साल में अच्छे प्रदर्शन के लिए अपने-अपने गृह मैदानों पर परंपरागत पूजा-अर्चना की।
इस दौरान गृह-मैदान के गोलपोस्ट और फुटबाल की पूजा की जाती है ताकि नया साल टीम के लिए अच्छा भविष्य लेकर आए। यह एक परंपरागत रस्म है जो हर वर्ष दोनों क्लबों में निभाई जाती है और इसमें प्रशंसक, खिलाड़ी सहित क्लब के अधिकारी हिस्सा लेते हैं।
ईस्ट बंगाल क्लब में इस मौके पर गोलपोस्ट को फूलों से सजाया गया था। खिलाड़ियों में डिफेंडर गुरविंदर सिंह, मिडफील्डर हरमनजोत सिंह खाबड़ा, महताब हुसैन और कोच एल्को स्काटोरी ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
पिछले साल करोड़ो रुपये के शारदा घोटाले में नाम आने पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा गिरफ्तार किए गए ईस्ट बंगाल क्लब के अधिकारी देवव्रत ‘नीतु’ सरकार भी यहां मौजूद दिखे और सभी को नववर्ष की शुभकामना दी।
मोहन बागान में भी यही नाजारा दिखा, जहां क्लब के अध्यक्ष स्वपन साधन बोस और सचिव अंजन मित्रा की मौजूदगी में नववर्ष मनाया गया।
मोहन बागान में आयोजित कार्यक्रम में बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के कोषाध्यक्ष विश्वरूप डे ने भी हिस्सा लिया।
मोहन बागान इस सत्र के आई-लीग में 12 मैचों से अपराजित है और 28 अंकों के साथ शीर्ष पर है। ईस्ट बंगाल इतने ही मैचों में 19 अंकों के साथ पांचवें पायदान पर मौजूद है।
dharmpath.com dharmpath