उज्जैन-मध्य प्रदेश के उज्जैन में गुरुवार रात से लगातार हो रही तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। भारी बारिश के कारण पवित्र शिप्रा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। जिसकी वजह से घाटों पर बने कई छोटे मंदिर जलमग्न हो गए। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने घाटों पर लोगों की आवाजाही रोक दी है और शिप्रा तैराक दल व होमगार्ड की तैनाती कर दी है। दूसरी ओर उफनते नालों और पुलियों को पार करने के दौरान दो बाइक सवार बह गए। इनमें एक युवक ने पेड़ का सहारा लेकर अपनी जान बचा ली थी। जबकि, पंचायत के सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह सोनगरा का शुक्रवार सुबह तक कोई सुराग नहीं मिल सका।
लगातार बारिश के चलते उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में नदी-नाले उफान पर हैं। गुरुवार रात शुरू हुई बारिश शुक्रवार सुबह तक रुक-रुक कर जारी रही। जिसकी वजह से शिप्रा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा और घाटों पर स्थित कई मंदिरों में पानी भर गया। इसके चलते तर्पण, पूजन और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को घाटों पर जाने से रोक दिया गया। प्रशासन ने संभावित हादसों को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
dharmpath.com dharmpath