उज्जैन: रामघाट पर दीपक बेचने वाली महिलाओं और पुजारियों में हुई मारपीट

उज्जैन-महाकाल नगरी उज्जैन के रामघाट पर रोजाना होने वाली प्रसिद्ध शिप्रा आरती के दौरान रविवार शाम विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरती समाप्त होने के बाद पूजन सामग्री और दीपक बेचने वाली महिलाओं तथा पुजारियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। यह कहासुनी देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत आरती के दौरान पूजन सामग्री बेचने को लेकर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि लात-घूंसे चलने लगे। वायरल वीडियो में हाथापाई के साथ पीतल के दीपक फेंके जाने के दृश्य भी दिखाई दे रहे हैं।

महाकाल थाना पुलिस के अनुसार, तिलकेश्वर कॉलोनी निवासी उमा यादव अपनी मां ममता परमार के साथ रामघाट पर फूल और दीपक बेचती हैं। उमा ने शिकायत में आरोप लगाया है कि पुजारी गणेश शर्मा ने उन्हें आरती के दौरान पूजन सामग्री बेचने से रोका। जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। उनका कहना है कि विरोध करने पर पुजारियों ने उनके साथ अभद्रता की और गणेश शर्मा ने हाथ में मौजूद पीतल की आरती उनके सिर पर मार दी थी। बीच-बचाव के लिए पहुंचीं उनकी मां ममता परमार पर भी पीतल की आरती से हमला किया गया। जिसकी वजह से उनके चेहरे और नाक पर चोट आई। उमा के मुताबिक, शिप्रा नाम की एक युवती भी विवाद शांत कराने पहुंची थी लेकिन उसके साथ भी मारपीट की गई। बाद में उनके पति सुरेश यादव मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493