उत्तर कोरिया के नागरिक बिना वीजा नहीं जा सकेंगे मलेशिया (लीड-1)

कुआलालंपुर, 2 मार्च (आईएएनएस)। मलेशिया के उपप्रधानमंत्री अहमद जाहिद हामिदी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए गुरुवार को कहा कि उत्तर कोरिया के नागरिक अब बिना वीजा के मलेशिया नहीं आ सकते हैं।

समाचार पत्र ‘द मलेशियन स्टार’ के मुताबिक, यह फैसला छह मार्च से प्रभावी हो जाएगा।

इस आदेश से पहले उत्तर कोरिया और मलेशिया के नागरिकों को एक-दूसरे के देशों में आने-जाने के लिए सिर्फ पासपोर्ट की जरूरत होती थी।

मलेशिया के नागरिक ही विश्व में एकमात्र नागरिक हैं, जो बिना वीजा के उत्तर कोरिया में प्रवेश कर सकते हैं।

अहमद जाहिद ने कहा कि उत्तर कोरिया के शीर्ष नेता किम जोंग-उन के सौतेले भाई की मलेशिया हवाईअड्डे पर हत्या के मामले में पकड़े गए उत्तर कोरिया के केमिस्ट के बारे में मंत्रालय के कानूनी सलाहकार और अटॉर्नी जनरल चैंबर्स से ब्यौरे का इंतजार कर रहे हैं।

अहमद जाहित देश के गृहमंत्री भी हैं।

उन्होंने कहा, “हमें अगले कुछ घंटों में पता चल जाएगा कि इस शख्स को रिहा किया जाएगा, उसकी जांच होगी या उसे प्रत्यर्पित किया जाएगा।”

रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर कोरिया के री जोंग-चोल के रिमांड की मियाद शुक्रवार को समाप्त होने के बाद उसके पुलिस हिरासत से रिहा होने की संभावना है।

गौरतलब है कि 13 फरवरी को कुआलालंपुर हवाईअड्डे पर किम जोंग-नाम की हत्या वीएक्स नर्व एजेंट नामक विषाक्त रसायन से कर दी गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493