चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता होंग ली ने कहा कि अमेरिका व दक्षिण कोरिया द्वारा हाल में व्यापक पैमाने पर संयुक्त सैन्य अभ्यास पर उत्तर कोरिया ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि चीन ने वर्तमान हालत पर गंभीर चिंता जताई है।
कोरिया प्रायद्वीप में हालात की गंभीरता व संवेदनशीलता की ओर इशारा करते हुए होंग ने कहा कि चीन संबंधित पक्षों से भड़काने वाले शब्दों से बाज आने तथा शांति तथा संयम की अपील करता है, ताकि तनाव और न बढ़े।
होंग ने कहा, “प्रायद्वीप की शांति व स्थिरता में सभी पक्षों का साझा हित है।”
बताया गया है कि उत्तर कोरिया ने गुरुवार को दो कम दूरी तक मार करने में सक्षम बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण किया और क्षेत्र में दक्षिण कोरिया की बची संपत्ति को बेचने की घोषणा की। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा उत्तर कोरिया के खिलाफ प्रतिबंध कड़े करने का प्रस्ताव पारित करने के बाद दक्षिण कोरिया ने उत्तर कोरिया के खिलाफ एकपक्षीय प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी।
dharmpath.com dharmpath