सियोल, 21 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के लिए नियुक्त ब्रिटेन के नए राजदूत ने बुधवार को कहा कि ब्रिटेन उत्तर कोरिया को परमाणु मुक्त बनाने की प्रक्रिया में सहयोग के लिए परमाणु अप्रसार और ऊर्जा उत्पादन के लिए अपनी विशेषज्ञ जानकारी उपलब्ध कराने के लिए इच्छुक है।
समाचार एजेंसी योनहप के मुताबिक, राजदूत साइमन स्मिथ ने उत्तर-दक्षिण और अमेरिकी कूटनीति में हुई प्रगति के संदर्भ में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “मुझे लगता है कि इस पड़ाव पर (उत्तर कोरिया को परमाणु मुक्त बनाने के लिए) प्रमुख अगले कदम पहले से ही कैलेंडर में दर्ज हैं।”
राजदूत ने कहा, “संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक स्थायी सदस्य के रूप में समझौते के कार्यान्वयन और संपादन के लिए हमारे पास राजनीतिक समर्थन देने का अनुभव है।”
साइमन के मुताबिक, “हम निश्चित रूप से एक रचनात्मक भूमिका निभाने की योजना बना रहे हैं।”
उत्तर कोरिया को परमाणु मुक्त बनाने पर चर्चा के लिए दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे-इन और उनके अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन के साथ एक शिखर बैठक करेंगे।
साइमन ने कहा कि हम इसे एक वास्तविक, असल अवसर के रूप में देखते हैं। हम दक्षिण कोरिया द्वारा प्योंगचांग ओलंपिक और पैरालंपिक की मेजबानी करने और फिर शिखर बैठक आयोजित करने के प्रयासों की प्रशंसा करते हैं।
dharmpath.com dharmpath