सियोल, 16 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर कोरिया ने मंगलवार को अपने पूर्व नेता किम जोंग-इल की 74वीं जयंती मनाई, जिन्हें देश के परमाणु हथियार कार्यक्रमों को गति देने का श्रेय दिया जाता है।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, उत्तर कोरिया के सरकारी टेलीविजन ने नेता की जयंती पर अपनी एक रपट में कहा कि सन् 1942 में जन्मे नेता ने उत्तर कोरिया को साम्राज्यवादी ताकतों के खिलाफ एक ताकतवर संप्रभु देश में तब्दील किया।
उत्तर कोरिया द्वारा जारी तस्वीरों में दिखाया गया है कि प्योंगयांग के मांसू हिल में लोग अपने नेता किम जोंग-इल की प्रतिमा को पुष्प अर्पित करने के लिए कतारों में खड़े हैं।
सरकारी मीडिया ने सोमवार को दिवंगत नेता को सोमवार को श्रद्धांजलि अर्पित की, जो किम राजवंश के तीनों नेताओं में दूसरे थे।
अपने दिवंगत पिता की जयंती को लेकर नेता किम जोंग-उन ने शनिवार को सेना के 35 अधिकारियों को प्रोन्नति दी।
देश पर 17 साल तक शासन करने वाले नेता किम जोंग-इल ने देश के मिसाइल व परमाणु हथियार कार्यक्रमों को सैन्य क्षेत्र को प्राथमिकता प्रदान करने वाले सोनगुन सिद्धांत के तहत बढ़ावा दिया। दिसंबर 2011 में उनका निधन हो गया था।
dharmpath.com dharmpath