संयुक्त राष्ट्र, 21 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पॉम्पिओ ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से आग्रह किया कि उत्तर कोरिया पर लागू प्रतिबंधों का पूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित कराकर उसपर दबाव बनाए रखा जाए।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, पॉम्पिओ ने मीडिया को जारी एक बयान में कहा कि उत्तर कोरिया के खिलाफ इस सजा को तबतक समाप्त नहीं किया जाएगा, जबतक किम जोंग-उन परमाणु निरस्त्रीकरण के अपने वादे को नहीं निभाते।
उन्होंने कहा, “अमेरिकी सरकार उत्तर कोरिया के निरस्त्रीकरण की दिशा में बढ़ने को लेकर सकारात्मक बनी हुई है, लेकिन साथ में यह भी विश्वास है कि अगर प्रतिबंधों को सही तरीके से लागू नहीं किया गया तो सफलता की संभावना कम रहेगी।”
पॉम्पिओ ने शुक्रवार को सुरक्षा परिषद के सत्र को संबोधित करने से पहले उत्तर कोरिया के विदेश मंत्री कांग क्यंग-हा और जापान के राजदूत से मुलाकात की।
पॉम्पिओ ने पत्रकारों से कहा, “संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद उत्तर कोरिया के पूर्ण सत्यापित निरस्त्रीकरण पर एकमत है, जिसपर राष्ट्रपति किम ने सहमति जताई थी। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्य और संयुक्त राष्ट्र संघ के सभी देश सर्वसम्मति से इस बात पर सहमत हैं कि उत्तर कोरिया पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किए जाएं और हम उम्मीद करते हैं कि वे अपनी उन वचनबद्धताओं का सम्मान करेंगे।”
dharmpath.com dharmpath