नई दिल्ली, 26 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी रक्षामंत्री जेम्स मैटिस ने मंगलवार को यहां कहा कि अमेरिका उत्तर कोरिया की समस्या का कूटनीतिक हल चाहता है।
रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मैटिस ने उत्तर कोरिया के ‘खतरनाक व अस्थिर व्यवहार’ पर उसके खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साथ दबाव बनाने के भारत के प्रयासों की सराहना की।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “हम उत्तर कोरिया के सबसे खतरनाक खतरे को रोकने की क्षमता रखते हैं, लेकिन हम यथासंभव कूटनीतिक तरीके का समर्थन करते हैं।”
उन्होंने कहा, “हमारा मकसद है कि इसे कूटनीतिक तौर पर हल करें और मेरा मानना है कि राष्ट्रपति ट्रंप का इस मुद्दे पर बहुत स्पष्ट विचार है।”
भारत ने उत्तर कोरिया द्वारा सितंबर की शुरुआत में किए गए परमाणु परीक्षण की निंदा की थी।
dharmpath.com dharmpath