चित्रकूट, 19 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में चित्रकूट जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में नसबंदी कराने गई एक महिला की इंजेक्शन लगाते ही मौत के मामले में शनिवार को अज्ञात चिकित्सकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
थानाध्यक्ष रैपुरा नीरज यादव ने बताया कि शुक्रवार को नादिनकुर्मियान गांव का बलवीर अपनी पत्नी शांति (25) की नसबंदी कराने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में भर्ती कराया था, चिकित्सक के इंजेक्शन लगाते ही उसकी तबियत बिगड़ गई। लिहाजा अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे इलाहाबाद के रेफर कर दिया, वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष ने बताया, “मृतका के पति की तहरीर पर अज्ञात चिकित्सकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और लापरवाही करने का मुकदमा शनिवार को दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।”
dharmpath.com dharmpath