पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बदमाश किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए स्कूटर इंडिया चौराहे के पास घूम रहा है। इसके बाद पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने बाइकसवार को रुकने का इशारा किया तो उसने रुकने के बजाय भागना शुरू कर दिया।
पुलिस ने उसका पीछा किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायरिंग के दौरान पुलिस के दो लोग भी घायल हुए हैं, उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश को पकड़ने के लिए हजरतगंज के एसओ, सरोजनी नगर की पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम शामिल थी।
पुलिस ने बताया, “ये बदमाश बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। इसने लखनऊ के थाना पारा के सलेमपुर पतौरा में 26 सितंबर की रात बढ़ई के घर असलहे से लैस बदमाशों के साथ धावा बोला था। जब परिवार के लोगों ने बदमाशों का विरोध किया था तो आरोपियों ने पीट-पीटकर लहूलुहान भी कर दिया था। यही नहीं डकैती के बाद बदमाश किसान की मासूम बेटी को अगवा करके ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था।”
dharmpath.com dharmpath