उप्र व दक्षिण कोरिया के बीच पर्यटन की असीम संभावनाएं : योगी

मुख्यमंत्री योगी ने शनिवार को यहां शास्त्री भवन में दक्षिण कोरिया के गिम्हे सिटी के मेयर डू यून सू और उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस अवसर पर उप्र व दक्षिण कोरिया के रिश्तों को नया आयाम देने के लिए कौशल विकास, पर्यटन, कृषि व संस्कृति से संबंधित एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा, “दक्षिण कोरिया और उप्र के बीच पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। भारत व दक्षिण कोरिया के बीच तकनीकी संबंधों को और आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। इससे प्रदेश में निवेश आने के साथ ही रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। भगवान बुद्ध के जीवन से जुड़े कपिलवस्तु, कुशीनगर, सारनाथ और श्रावस्ती जैसे स्थान प्रदेश में हैं। समझौते के माध्यम से जहां एक ओर दक्षिण कोरिया के श्रद्धालुओं को यहां आने का अवसर प्राप्त होगा, वहीं दूसरी ओर उन्हें भगवान बुद्ध के विषय में जानकारी भी मिलेगी।”

गिम्हे सिटी के मेयर ने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के सांस्कृतिक व आर्थिक विकास को बढ़ावा देने का एक नया कदम है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने दक्षिण कोरियाई प्रतिनिधिमंडल को स्मृति चिह्न भी दिया।

गौरतलब है कि वर्ष 2000 में दक्षिण कोरिया का एक प्रतिनिधिमंडल अयोध्या आया था और इसके बाद अयोध्या तथा दक्षिण कोरिया के गिम्हे नगरों के बीच सिस्टर सिटी अनुबंध हुआ। इसके तहत अयोध्या में क्राक क्लैन सोसाइटी द्वारा एक स्मारक बनवाया गया, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में दक्षिण कोरिया से पर्यटक आते हैं।

उल्लेखनीय है कि दक्षिण कोरिया के किम लोगों का यह मानना है कि आज से लगभग 2000 वर्ष पूर्व अयोध्या की एक राजकुमारी दक्षिण कोरिया गई थीं, जहां उनका विवाह राजा किम सूरो से हुआ था। वर्तमान में उनके वंशज आज दक्षिण कोरिया के क्राक क्लैन के सदस्य हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493