कुनशान (चीन), 17 मई (आईएएनएस)। भारत की महिला बैडमिंटन टीम ने मंगलवार को उबेर कप टूर्नामेंट के ग्रुप मुकाबलों में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत का क्वार्टर फाइनल में पहुंचना लगभग तय हो गया है।
यहां जारी टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में आस्ट्रेलिया को 5-0 से हराने वाली भारतीय महिलाओं ने ग्रुप-डी के दूसरे मैच में जर्मनी पर 5-0 से जीत हासिल की।
भारत के अलावा ग्रुप-डी में जर्मनी, आस्ट्रेलिया और जापान हैं।
सायना नेहवाल ने भारत के लिए पहला एकल मैच जीतते हुए स्कोर भारत के पक्ष में 1-0 किया। सायना ने 29 मिनट में फेबियाने डेपरेज को 21-15 21-10 से हराया।
इसके बाद पीवी सिंधु ने दूसरे एकल मैच में लूसी हेम को 26 मिनट में 21-7 21-12 से हराया।
ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की युगल जोड़ी ने लिंडा एफ्लर और लारा केपलिन को 14-21 21-9 21-8 से हराते हुए भारत को 3-0 से आगे कर दिया।
दिन के तीसरे एकल मैच में रितविका शिवानी गड्डे ने योनी ली को 21-5 21-15 से हराकर भारत को 4-0 से आगे कर दिया।
अंतिम मुकाबले में सिकी रेड्डी और सिंधु ने एलिजाबेथ हेर्टरिक और फ्रांसिस्का वोल्कमान को 21-18 19-21 22-20 से हराकर भारत को 5-0 से जीत दिला दी।
भारत को अपना तीसरा ग्रुप मैच जापान के साथ बुधवार को खेलना है। जापानी टीम ने 2014 में रजत पदक जीता था।
dharmpath.com dharmpath