कुनशान (चीन), 18 मई (आईएएनएस)। बैडमिंटन में भारत के लिए बुधवार का दिन मिला जुला रहा। सायना नेहवाल के नेतृत्व वाली महिला टीम उबेर कप में दूसरे स्थान पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही, वहीं थॉमस कप में पुरुष टीम निराशाजनक प्रदर्शन कर बाहर हो गई।
आस्ट्रेलिया और जर्मनी के खिलाफ 5-0 से जीत हासिल करने वाली सायना की टीम को हालांकि अपने अंतिम ग्रुप मैच में जापान से 2-3 से हार झेलनी पड़ी। बावजूद इसके वह क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई।
भारतीय महिलाओं ने दिन की अच्छी शुरुआत की और जापान पर 2-0 से बढ़त ले ली थी। सायना और पी.वी. सिंधु ने भारत को यह बढ़त दिलाई।
लेकिन, इसके बाद जापान ने वापसी की और अगले तीनों मैच अपने नाम कर भारत को 2-3 से शिकस्त देते हुए उसे ग्रुप डी में दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया।
लंदन ओलम्पिक खेलों की कांस्य पदक विजेता सायना नेहवाल ने महिला एकल मुकाबले में नोजोमी ओकुहारा को 21-18, 21-6 से मात देते हुए 1-0 से बढ़त बनाई।
इस जीत को दोहरा करते हुए सिंधु ने अकाने यामागुची को दूसरे मुकाबले में 21-11, 21-18 से हराकर जीत हासिल की।
लेकिन, महिला युगल मुकाबले में जापान की मिसाकी मात्सुतोमो और अयाका ताकाहाशी ने भारतीय जोड़ी ज्वाला गुट्टा और सिक्की रेड्डी को 21-11, 21-8 से मात दी। इस जीत से जापान ने स्कोर 2-1 किया।
विश्व की 12वीं वरीयता प्राप्त सायाका साटो ने भारत की रुतविका शिवानी गड्डे को 21-7, 21-14 से तीसरे एकल मुकाबले में मात दी और स्कोर 2-2 से बराबर किया।
टूर्नामेंट में बुधवार को अंतिम मुकाबला भारत के लिए पलटवार साबित हुआ, जब जापान की जोड़ी शिजुका मात्सुओ और मामी नैतो ने अश्विनी पोनप्पा और सिंधु की भारतीय जोड़ी को युगल मुकाबले में 15-21, 21-19, 21-16 से हरा दिया।
पिछले साल भारतीय टीम सेमीफाइनल में जापान से हारकर कांस्य पदक तक सीमित रह गई थी।
दूसरी तरफ भारतीय पुरुष टीम थॉमस कप के अंतिम ग्रुप मैच में इंडोनेशिया से 0-5 से हार गई। टूर्नामेंट के ग्रुप-बी में शामिल भारतीय टीम को इससे पहले रविवार को थाईलैंड और मंगलवार को हांगकांग से शिकस्त मिली थी। बुधवार को इंडोनेशिया के खिलाफ साख बचाने वाले मुकाबले में भी टीम जीत हासिल नहीं कर पाई और धराशाई हो गई।
भारतीय टीम दो मुकाबलों में हार के बाद टूनार्मेंट से पहले ही बाहर हो गई थी। माना जा रहा था कि इंडोनेशिया के खिलाफ खिलाड़ी खोई प्रतिष्ठा पाने के लिए जोर लगाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
बुधवार को विश्व के 21वीं वरीयता प्राप्त अजय जयराम को क्रिस्ती जोनाथन से पुरुष एकल मुकाबले में 14-21, 12-21 से करारी शिकस्त मिली। मैच महज 37 मिनट चला।
इसके बाद पुरुष युगल मुकाबले में इंडोनेशिया के एंगा प्रातामा और रिक्की कारंदा सुवार्दी की टीम ने मनु अत्री और अक्षय देवालकर को महज 28 मिनट में 21-18, 21-17 से हराते हुए 2-0 से बढ़त हासिल की।
पुरुष एकल वर्ग के मुकाबले में विश्व के 34वीं वरीयता प्राप्त साई प्रनीथ ने गिंटिंग एंथोनी के साथ काफी अच्छा मुकाबला खेला, लेकिन उन्हें इंडोनेशियाईखिलाड़ी से 18-21, 21-11, 2-15 से हार का सामना करना पड़ा।
चौथे मुकाबले में भारत के बी.सुमिथ रेड्डी और सतविक्साइराज रनकीरेड्डी को गिडेओन मार्कस फेर्नाल्डी और हैंद्रा सेतियावान की जोड़ी से 9-21, 18-21 से हार मिली। यह मैच 26 मिनट चला।
अंतिम मुकाबले में सौरभ वर्मा ने एहसान मौलाना मुस्तफा से कड़ा मुकाबला किया, लेकिन उन्हें भी 10-21, 22-20, 13-21 से हार का सामना करना पड़ा।
dharmpath.com dharmpath