उम्मीद है, हिमा दास का किरदार असमिया अभिनेत्री निभाएगी : आदिल हुसैन

मुंबई, 29 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेता आदिल हुसैन ने अभिनेता अक्षय कुमार द्वारा धाविका हिमा दास पर बायोपिक बनाने में दिलचस्पी दिखाने पर खुशी जताई है। उन्हें उम्मीद है कि कोई असमिया अभिनेत्री हिमा के किरदार को निभाएगी।

एक समाचार पत्र के आलेख में अक्षय ने कहा कि वह युवा धाविका पर फिल्म बनाना चाहते हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आदिल ने ट्वीट किया, “यह एक अच्छी खबर है..लेकिन मैं आशा करता हूं कि इस किरदार के लिए किसी असमिया अभिनेत्री को लिया जाएगा..या फिर शायद हिमा दास को खुद अपना किरदार निभाना चाहिए!?”

एक ट्विटर यूजर को हिमा पर बॉयोपिक का विचार नहीं भाया। उन्होंने आदिल से कहा, “आदिल, कृपया उसे बचाएं। वह काफी कीमती हैं। अपने दोस्तों (अक्षय कुमार) से कहें कि इससे दूर रहें। यह अच्छा विचार नहीं है। ” इस यूजर ने लिखा कि हिमा दास को अभी अगस्त में जकार्ता में एशियाड में हिस्सा लेना है, 2020 में टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेना है। यह नहीं भूलना चाहिए कि 2030 तक भी वह केवल तीस साल की ही होंगी। उनमें कई प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा लेने की संभावना है।

इस पर आदिल ने कहा कि वह अक्षय कुमार को नहीं जानते, उनसे कभी नहीं मिले। यह सही होगा कि हिमा को उनका अभ्यास करने के लिए अकेले छोड़ दिया जाए, लेकिन कोई भी किसी को फिल्म बनाने से नहीं रोक सकता है और इसीलिए वह असमिया अभिनेत्री द्वारा किरदार निभाने का सुझाव दे रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493