मोंटेवीडियो (उरुग्वे), 18 फरवरी (आईएएनएस)। उरुग्वे की राष्ट्रीय फुटबाल टीम के पूर्व कप्तान डिएगो लुगानो ने देश के घरेलू फुटबाल को निराशाजनक करार दिया है।
लुगानो का कहना है कि उरुग्वे के घरेलू फुटबाल की संरचना में बदलाव होना चाहिए।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पेरिस सेंट जर्मेन के पूर्व खिलाड़ी ने हालांकि, उरुग्वे की राष्ट्रीय फुटबाल टीम की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने कोच ऑस्कर तबरेज के मार्गदर्शन में अपनी पहचान वापस हासिल की है।
ब्राजील के समाचार पत्र ‘फोल्हा डी एस. पाउलो’ को लुगानो ने कहा, “राष्ट्रीय टीम के बारे में एक चीज सही है कि उसने तबरेज के मार्गदर्शन में 2006 से अपने खोई पहचान हासिल की है।”
लुगानो ने कहा कि उनके देश की टीम इस साल रूस में आयोजित होने वाले फीफा विश्व कप में हिस्सा ले रही है और उन्हें टीम की अच्छी शुरुआत की आशा है।
लुगानो ने कहा, “उरुग्वे का घरेलू फुटबाल निराशाजनक है। सबकुछ गलत है। करार की तैयारी बुरी हैं। केवल कुछ ही लोगों के हाथों में सबकुछ है। यहां लोकतंत्र की कमी है। खिलाड़ियों के पास सही तकनीक और फीजियोथैरेपीनहीं है।”
उरुग्वे की राष्ट्रीय टीम के लिए लुगानो ने 95 मैच खेले हैं। उन्होंने 2010 और 2014 विश्व कप टूर्नामेंट में टीम की कप्तानी भी की।
लुगानो ने ब्राजील के साओ पाउलो क्लब में संस्थागत संबंधों के प्रमुख के पद को स्वीकार किया है।
dharmpath.com dharmpath