उरुग्वे का लक्ष्य कोपा अमेरिका जीतना

मोंटेवीडियो, 2 जून (आईएएनएस)। कोपा अमेरिका की सबसे सफल टीम उरुग्वे इस टूर्नामेंट के 100वें संस्करण में अपना दबदबा कायम रखने के इरादे से उतरेगी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, 15 बार कोपा अमेरिका का खिताब अपने नाम करने वाली उरुग्वे ने बुधवार को अमेरिका के लिए उड़ान भरी है।

टूर्नामेंट की प्रबल दावेदार मानी जा रही अर्जेटीना ने 14 बार खिताब अपने नाम किया है। ब्राजील ने आठ बार इस खिताब पर कब्जा जमाया है। पेरू और पैराग्वे दो-दो बार इस टूर्नामेंट के विजेता बने हैं। वहीं बोलीविया, कोलंबिया, चिली एक-एक बार खिताब अपने नाम करने में सफल रहे हैं।

टीम इस समय अच्छे फॉर्म में है और 2018 में रूस में होने वाले फीफा विश्व कप की क्वालीफाइंग अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर है। 2010 में दक्षिण अफ्रीका में खेले गए विश्व कप में टीम चौथे स्थान पर रही थी। उरुग्वे ने इससे पहले 2011 में आखिरी बार कोपा अमेरिका खिताब जीता था।

टीम के फॉरवर्ड खिलाड़ी एडिंसन कावानी ने बुधवार को कहा, “हम इस तरह से तैयारी कर रहे हैं जैसे विश्व कप के लिए कर रहे हों।”

टीम के कई महत्वपूर्ण खिलाड़ी चोटिल हैं जिनमें क्रिस्टियन रोड्रिग्वेज, सबास्टियन कोट्स और स्टार खिलाड़ी लुइस सुआरेज शामिल हैं।

रोड्रिग्वेज और कोट्स की जगह डिएगो लाक्सालट और गास्टोन सिल्वा को टीम में शामिल कर लिया गया है। सुआरेज अभी भी टीम में हैं, लेकिन वह मैच नहीं खेलेंगे।

उरुग्वे की टीम टूर्नामेंट का अपना पहला मुकाबला पांच जून को मेक्सिको के खिलाफ फोएनिक्स में खेलेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493