एंटिगा टेस्ट : विजय आउट, पारी संवारने में जुटे धवन, पुजारा (लीड-1)

नॉर्थ साउंड (एंटिगा), 21 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम ने सर विवियन रिचर्ड्स मैदान पर वेस्टइंडीज के साथ गुरुवार से शुरू हुए चार टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में भोजनकाल तक एक विकेट के नुकसान पर 72 रन बना लिए हैं।

भारत ने मुरली विजय (7) का विकेट गंवाया है। सपाट पिच पर विजय को शेनॉन गेब्रियल ने अपनी एक उछाल लेती गेंद पर क्रेग ब्राथवेट के हाथों कैच कराया। विजय ने 26 गेदों का सामना कर एक चौका लगाया।

विजय की विदाई के बाद शिखर धवन (नाबाद 46) और चेतेश्वर पुजारा (नाबाद 14) ने पारी को संवारने का काम किया। दोनों ने भोजनकाल तक दूसरे विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी की है।

यह साझेदारी हालांकि सिर्फ 2.80 के औसत से हुई है लेकिन चूंकी यह एक लम्बा दौरा है, लिहाजा ऐसी साझेदारी की भारत को जरूरत है। सपाट पिच पर उछाल लेती गेंदों को खेलने में भारतीय खिलाड़ियों को दिक्कत पेश आ रही है, इसे देखते हुए दोनों की यह साझेदारी उपयोगी मानी जाएगी।

धवन ने 74 गेंदों का सामना कर चार चौके लगाए हैं जबकि पुजारा ने 63 गेदों का सामना किया है लेकिन उनके बल्ले से अभी तक एक भी चौका नहीं लगा है। भारतीय बल्लेबाजों ने बीते 10 ओवरों में हालांकि खुलकर हाथ दिखाए और 40 रन बटोरे।

विराट कोहली की युवा कप्तानी में भारतीय टीम कैरेबियाई धरती पर लगातार तीसरी सीरीज जीतने का प्रयास करेगी। इससे पहले भारत ने 2006 और 2011 में वेस्टइंडीज का दौरा किया था और दोनों बार श्रृंखला में जीत हासिल की थी।

भारतीय टीम के मुख्य कोच के तौर पर अनिल कुम्बले का यह पहला दौरा है। कुम्बले ने कई दौरों पर भारत को जीत दिलाई है लेकिन यह दौरा उनके लिए चुनौतीपूर्ण साबित होने वाला है क्योकि उन्हें एक कोच के तौर पर खुद को साबित करना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493