कोलकाता, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय फुटबाल टीम के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) के सलाहकार बने रहेंगे।
एआईएफएफ ने मंगलवार को इस पद पर भूटिया के कार्यकाल को एक और साल के लिए बढ़ाने का फैसला किया है।
एआईएफएफ ने हालांकि दिसम्बर के बाद भूटिया का कार्यकाल नहीं बढ़ाया था और मार्च में उन्हें तकनीकी समिति से भी बाहर कर दिया गया था। उनके स्थान पर पूर्व दिग्गज श्याम थापा को अध्यक्ष बनाया गया था।
अब एआईएफएफ ने भूटिया को फिर से सलाहकार पद पर आसीन करने का फैसला लिया है। भूटिया ने इसकी पुष्टि की है।
भूटिया ने आईएएनएस से कहा, “हां, मैंने सलाहकार के तौर पर अपने कार्यकाल में एक साल के इजाफे को स्वीकार कर लिया है। जब मैं पहली बार सलाहकार बना था तब भारत 160वें क्रम पर था। जब मैंने दिसम्बर में यह पद छोड़ा था तब भारत 130 पर था और अब वह 101वें स्थान पर है। अब हमें टीम को और आगे ले जाने का प्रयास करना होगा।”
dharmpath.com dharmpath