नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। अपने एक्शन से भरपूर स्टंट्स, जानदार लुक्स और अनोखी मुस्कान से दर्शकों को लुभाने वाले अभिनेता जॉन अब्राहम का कहना है कि एक्शन हीरो बनने के लिए आपमें सशक्त प्रवृत्ति होनी चाहिए।
जॉन ने आईएएनएस से कहा, “मैंने हमेशा से कहा है कि एक्शन स्टार के रूप में सफल होने के लिए आपको पहले खुद को एक्शन हीरो के रूप में स्थापित करना होगा। आपके पास वैसा ही शारीरिक सौष्ठव और प्रवृत्ति होनी चाहिए। आप जब भी किसी की ओर मुड़कर देखें तो उस व्यक्ति को आपमें वह बात महसूस होनी चाहिए।”
जॉन ने कहा, “अगर आपमें वह नहीं है, तो आप एक्शन हीरो नहीं बन सकते।”
‘ढिशूम’ के स्टार का मानना है कि सिलवेस्टर स्टेलॉन, विन डीजल और द रॉक (ड्वेन जॉनसन) दुनिया के दिग्गज एक्शन स्टार्स हैं।
जॉन ने कहा, “ये दुनिया की रक्षा करते हैं..सबसे बड़े एक्शन हीरो कुंग फू स्टार्स नहीं हैं, जो कमरे में बैक फ्लिप करते हैं। यह रवैये और दुनिया को बचाने का सवाल है। मुझे लगता है कि आपमें वह प्रवृत्ति होनी चाहिए।”
जॉन की आगामी फिल्म 2011 की ‘फोर्स’ का सीक्वल है। उनका कहना है कि ‘फोर्स 2’ एक्शन से भरपूर होगी।
dharmpath.com dharmpath