मुंबई-भारत की मशहूर सिंगर आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। रविवार दोपहर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्हें शनिवार शाम को ही यहां भर्ती किया गया था। उनके निधन से सिनेमा जगत सदमे में है। आशा भोसले अपने पीछे एक लंबी विरासत छोड़ गई हैं। उनके साथ जैसे सुरों का एक पूरा युग खामोश हो गया। वो आवाज, जिसने दशकों तक हर एहसास को शब्द दिए वह हमेशा के लिए थम गई है।
आशा भोसले के निधन पर तमाम दिग्गज नेताओं से लेकर सिनेमा जगत और खेल जगत के सितारों ने भी दुःख व्यक्त किया है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर एक्स पोस्ट में लिखा, ‘भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी आवाजों में से एक आशा भोसले जी के निधन से मैं बेहद दुखी हूं। उनका असाधारण संगीत सफर, जो दशकों तक चला, हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करता रहा और दुनिया भर के अनगिनत दिलों को छू गया। चाहे उनकी भावपूर्ण धुनें हों या जीवंत रचनाएं, उनकी आवाज में एक कालातीत चमक थी। मैं उनके साथ हुई मुलाकातों को हमेशा संजोकर रखूंगा। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के साथ हैं। वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी और उनके गीत हमेशा लोगों के जीवन में गूंजते रहेंगे।’
dharmpath.com dharmpath