मुंबई, 29 जनवरी (आईएएनएस)। लाइफ ओके के धारावाहिक ‘गुलाम’ में खलनायक रंगीला की भूमिका में नजर आ रहे अभिनेता परम सिंह का कहना है कि बार-बार एक ही तरह के किरदार निभाने से अभिनय में नीरसता आने लगती है।
परम ने आईएएनएस से कहा, “जब मैं धारावाहिक ‘साड्डा हक’ कर रहा था, तब मुझे इस शो प्रस्ताव मिला था। मुझे लगा कि यह किरदार मेरे लिए चुनौतीपूर्ण होगा। अन्यथा एक ही तरह के किरदार निभाने से अभिनय और साथ ही व्यवहार में भी नीरसता आने लगती है।”
उन्होंने कहा, “एक अभिनेता के लिए यह नीरस हो जाता है। जब आप कुछ नया करते हैं, तब मजा आता है।”
परम इससे पहले ‘परवरिश- कुछ खट्टी कुछ मीठी’ और ‘साड्डा हक’ जैसे धारावाहिकों में नजर आ चुके हैं।
‘गुलाम’ के बारे में बात करते हुए अभिनेता ने कहा, “इस कार्यक्रम का विषय और कहानी बहुत अलग थी। यह एक पुरुष केंद्रित धारावाहिक है और ‘सास-बहू’ पर आधारित कार्यक्रमों से अलग है। मैं इसमें मुख्य किरदार निभा रहा हूं।”
dharmpath.com dharmpath