एचआईएल : कलिंगा लांसर्स ने दिल्ली को हराया

भुवनेश्वर, 22 जनवरी (आईएएनएस)। गुरजिंदर सिंह के एकमात्र गोल की बदौलत कलिंगा लांसर्स ने रविवार को हुए हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के मुकाबले में दिल्ली वेवराइडर्स को 1-0 से मात दे दी।

कलिंगा स्टेडियम में हुआ यह मैच दोनों टीमों का एचआईएल के मौजूदा संस्करण का पहला मैच ही था।

घरेलू दर्शकों के सामने खेल रही कलिंगा लांसर्स 47वें मिनट में यह विजयी गोल हासिल कर सकी। पेनाल्टी कॉर्नर पर गुरजिंदर ने दिल्ली के गोलकीपर विंसेंट वानाश के दाहिनी ओर नेट में ऊपर की ओर गेंद डाली।

पूर्व चैम्पियन दिल्ली को मैच में कुल छह पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारत के अंतर्राष्ट्रीय ड्रैग फ्लिकर रुपिंदर पाल सिंह और उनकी टीम किसी मौके को भुना नहीं सकी।

मौजूदा उप-विजेता कलिंगा शुरू से अच्छा खेले और उनकी टीम में बेहतर सामंजस्य नजर आया।

मैच के 10वें मिनट में दिल्ली को पहला अवसर मिला, लेकिन जब तक मंदीप सिंह शॉट लगाते कलिंगा की रक्षापंक्ति ने उनके हमले को नाकाम कर दिया।

तीन मिनट बाद ही बिली बेकर और ग्लेन टर्नर ने बढ़िया तालमेल के साथ हमला किया, लेकिन दिल्ली के डिफेंडर धर्मवीर सिंह ने गेंद को क्लीयर कर दिया।

दिल्ली को 21वें मिनट में पहला पेनाल्टी मिला, लेकिन रुपिंदर के फ्लिक को कलिंगा के रुशर मैथ्यू डॉसन ने ब्लॉक कर दिया।

मध्यांतर तक कलिंगा ने बेहतर तालमेल के साथ लगातार दिल्ली पर हमले किए। मध्यांतर के बाद दिल्ली के खेल में तेजी आई और वे लगातार दो पेनाल्टी हासिल करने में सफल रहे। पहली कोशिश लेकिन खराब ट्रैपिंग के कारण जाया हो गई, जबकि दूसरी बार रुपिंदर फिर से चूक गए।

दिल्ली के मौके चूकने का सिलसिला यहीं नहीं रुका। तेज पलटवार कर तलविंदर सिंह कलिंगा के गोलपोस्ट के ठीक सामने जा पहुंचे और नेट तथा गेंद के बीच सिर्फ कलिंगा के गोलकीपर एंड्र चार्टर थे। खतरे को भांपकर चार्टर काफी आगे निकल आए और डाइव लगाकर गोल बचा लिया।

कलिंगा को 47वें मिनट में पहला पेनाल्टी कॉर्नर मिला और गुरजिंदर ने इसे गोल में तब्दील करने में कोई गलती नहीं की।

पिछड़ने के बाद दिल्ली ने फिर से हमले करने शुरू किए। इसके बाद उन्हें दो पेनाल्टी और मिले, लेकिन किस्मत उनके साथ नहीं थी और यहां भी चूक गए।

मैच के बाद कलिंगा के कप्तान मॉरित्ज फुस्र्ते ने कहा कि जीत के साथ अभियान शुरू करना टीम के लिए अच्छा है, लेकिन कई क्षेत्रों में उन्हें सुधार करने की जरूरत है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493