एचआईएल : दिल्ली ने मौजूदा चैम्पियन रांची को हराया

नई दिल्ली, 11 फरवरी (आईएएनएस)। घरेलू दर्शकों के सामने जीत के क्रम को तोड़ते हुए दिल्ली वेवराइडर्स ने गुरुवार को हुए हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के मैच में मौजूदा चैम्पियन रांची रेज को 7-4 से हरा दिया।

इस जीत से दिल्ली ने सेमीफाइनल में प्रवेश करने की संभावनाएं भी जिंदा रखी हैं।

शिवाजी स्टेडियम में हुए इस पूल मुकाबले में दिल्ली के लिए मंदीप सिंह ने और तलविंदर सिंह ने दो-दो गोल किए। न्यूजीलैंड के गोलकीपर डेवोन मैनचेस्टर ने भी दिल्ली के लिए कई शानदार बचाव किए।

दूसरी ओर हार के बावजूद रांची अंकतालिका में शीर्ष पर बना हुआ है।

लगातार चार मैच हारने के बाद घरेलू दर्शकों के बीच करो या मरो वाला मैच खेलने उतरी दिल्ली ने आक्रामक शुरुआत की और मंदीप ने सातवें मिनट में फील्ड गोल कर अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी।

छह मिनट बाद ही तलविंदर ने पेनाल्टी कॉर्नर पर दिल्ली का दूसरा गोल कर दिया और टीम का स्कोर 3-0 कर लिया।

दिल्ली ने दूसरे क्वार्टर में भी आक्रामक खेल जारी रखा और तलविंदर ने अपना दूसरा गोल दाग दिया। यह एक फील्ड गोल था जिससे दिल्ली को 5-0 की बड़ी बढ़त मिल गई।

एचआईएल के मौजूदा संस्करण में फील्ड गोल को दो गोल माना जा रहा है।

मध्यांतर के बाद गत चैम्पियन जैसे नींद से जागे और कप्तान एश्ले जैक्सन ने फील्ड गोल कर 2-5 कर लिया।

हालांकि दिन का दिल्ली का था और मंदीप ने 42वें मिनट में अपना दूसरा फील्ड गोल कर दिल्ली की बढ़त को 7-2 कर दिया।

रांची के लिए ट्रेंट मिटन ने 50वें मिनट में फील्ड गोल किया और स्कोर 4-7 कर लिया। हालांकि रांची के लिए मैच में वापसी की कोई संभावना नहीं रह गई थी और इसी स्कोर पर मैच दिल्ली के पक्ष में समाप्त हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493