एचआईएल : रेज ने वॉरियर्स को शूटआउट में हरा जीता खिताब (लीड-1)

नई दिल्ली, 22 फरवरी (आईएएनएस)। रांची रेज ने रविवार को मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में हुए फाइनल मुकाबले में जेपी पंजाब वॉरियर्स को पेनाल्टी शूटआउट में 3-2 से मात देकर हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के तीसरे संस्करण का खिताब जीत लिया।

टूर्नामेंट में पहली बार हिस्सा ले रहे रेज निर्धारित 60 मिनट के खेल में वॉरियर्स को 2-2 से रोकने में कामयाब रहे और परिणाम के लिए पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लेना पड़ा।

निर्धारित समय के भीतर वॉरियर्स के लिए 39वें मिनट में कीरन गोवर्स ने मैच का पहला गोल किया, जबकि क्रिस्टोफर सिरीलो ने 56वें मिनट में टीम के लिए दूसरा गोल दागा।

दूसरी ओर रेज के लिए 42वें मिनट में गोल कर स्टैनली मिंज ने स्कोर 1-1 से बराबर किया और 57वें मिनट में बैरी मिडलटन ने टीम के लिए दूसरा गोल कर एक बार फिर रेज को 2-2 से बराबरी दिलाई।

पेनाल्टी शूटआउट में वॉरियर्स के लिए पहली कोशिश करने आए सिमोन ऑर्चर्ड चूक गए, जबकि रेज के लिए कप्तान एश्ले जैक्सन ने पहले ही प्रयास में गोल कर बढ़त हासिल कर ली।

इसके बाद वॉरियर्स के क्रिस्टोफर सिरीलो तो गोल करने में सफल रहे, लेकिन रेज के लिए बिरेंद्र लाकड़ा गोल करने से चूक गए और दो-दो प्रयास के बाद दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर रहीं।

इसके बाद वॉरियर्स के लिए धरमवीर सिंह और रेज के लिए डेनियल बील ने गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर रखा।

लेकिन वॉरियर्स के लिए स्टार स्ट्राइकर एस. वी. सुनील का गोल चूकना भारी पड़ा और रेज के लिए जैक्सन ने एक बार फिर गोल कर अपनी टीम को 3-2 से बढ़त दिला दी।

रॉबर्ट हैमंड के पास वॉरियर्स को बराबरी दिलाने का एक मौका जरूर था, लेकिन उनके गोल चूकते ही रेज को पांचवें प्रयास की जरूरत ही नहीं पड़ी।

उल्लेखनीय है कि पहले संस्करण में चैम्पियन रही रांची राइनोज के इस बार एचआईएल से भंग होने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के सह-स्वामित्वा वाली रांची रेज का गठन किया और टूर्नामेंट में पहली बार शामिल किया गया।

रेज में हालांकि पहले संस्करण की विजेता राइनोज के अधिकांश खिलाड़ियों को शामिल किया गया।

रेज के गोलकीपर टायलर लोवेल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493