मुंबई, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के चौथे संस्करण की नीलामी में दूसरे सबसे मंहगे भारतीय खिलाड़ी युवा डिफेंडर गुरमैल सिंह इन दिनों सातवें आसमान पर हैं।
गुरमैल ने कभी सोचा भी नहीं था कि नीलामी में उन पर इस तरह जेपी पंजाब वॉरियर्स और दिल्ली वेवराइडर्स के बीच दावेदारी की लड़ाई होगी।
गुरमैल को अंतत: दबंग मुंबई ने 81,000 डॉलर की बड़ी राशि पर अपने साथ जोड़ लिया।
भारतीय राष्ट्रीय टीम के लिए 40 मैच खेल चुके गुरमैल का मानना है कि दबंग मुंबई अगले साल होने वाले एचआईएल के चौथे संस्करण में खिताब की प्रबल दावेदार बनकर उभरेगी।
गुरमैल ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, “दबंग मुंबई के साथ जुड़कर मैं बेहद खुश हूं। वास्तव में मुझे गर्व है। मैं नीलामी का सीधा प्रसारण देख रहा था और जिस तरह दाव लगाया जा रहा था मुझे विश्वास हो गया था कि मुझे या दो दिल्ली या अपनी पूर्व टीम पंजाब के लिए खेलना होगा।”
उन्होंने कहा, “लेकिन दबंग मुंबई ने देर से इस नीलामी में प्रवेश किया और उनका दाव निर्णायक साबित हुआ। उम्मीद हैं मैं उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरूंगा। मुंबई की टीम बहुत अच्छी है और अगले वर्ष सभी की निगाह उन पर रहेगी।”
एशिया कप, विश्व कप और एफआईएच वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल्स में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके गुरमैल ने मुंबई के अपने साथी खिलाड़ियों के बारे में कहा, “उनमें से कुछ खिलाड़ियों जैसे निकिन थिमैया और दानिश को मैं पहले से जानता हूं। उनके साथ मैं राष्ट्रीय टीम में खेल चुका हूं।”
दबंग मुंबई ने एचआईएल के चौथे संस्करण के लिए अपनी टीम में 11 भारतीय खिलाड़ियों को शामिल किया।
मुंबई ने अफान यूसुफ को 53,000, मिडफील्डर दानिश मुज्तबा को 54,000 और विकास शर्मा को 43,000 डॉलर में खरीदा।
dharmpath.com dharmpath