एचआई का नया सहयोगी बना कर्नाटक का हॉकी कूर्ग

बेंगलुरू, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया (एचआई) ने सोमवार को कर्नाटक के हॉकी कूर्ग को अपना नया सहयोगी घोषित किया।

कर्नाटक में अब हॉकी के दो संघ हो गए। पहला हॉकी कर्नाटक एचआई का स्थायी सदस्य है, जबकि हॉकी कूर्ग को संबद्ध सदस्य बनाया गया है।

एचआई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कर्नाटक का हॉकी में काफी योगदान रहा है और हॉकी कूर्ग का प्रारंभिक कार्य इलाके में मौजूद प्रचुर प्रतिभा का प्रबंधन करना होगा।

यहां से अब तक देश को बी. पी. गोविंदा, अर्जुन हलप्पा, ए. बी. सुब्बैया और एम. पी. गणेश जैसे धुरंधर खिलाड़ी मिले हैं।

मौजूदा भारतीय हॉकी टीम में भी कूर्ग से संबंध रखने वाले खिलाड़ियों में वी. आर. रघुनाथ, एस. वी. सुनील, एस. के. उथप्पा, निकिन थिमैया और नितिन थिमैया शामिल हैं।

हॉकी कूर्ग की स्थापना के साथ ही इलाके के खिलाड़ी हॉकी कूर्ग की ओर से अलग टीम बनाकर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में हिस्सा ले सकते हैं।

एचआई के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा, “मैं हॉकी कूर्ग को एचआई का संबद्ध सहयोगी घोषित करते हुए खुशी महसूस कर रहा हूं। कूर्ग इलाके से देश को हमेशा से कुछ बेहतरीन खिलाड़ी मिले हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493