एचडब्ल्यूएल : जीत का क्रम जारी रखना चाहेगा भारत

एंटवर्प (बेल्जियम), 22 जून (आईएएनएस)। फ्रांस के खिलाफ पहले मैच में मिली 3-2 की मुश्किल जीत के बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम मंगलवार को हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल के अपने दूसरे मैच में पोलैंड का सामना करेगी।

टूर्नामेंट के पूल-ए में शामिल और विश्व रैंकिग में नौवें स्थान पर काबिज भारतीय टीम ने पिछले मैच में शनिवार को रमनदीप सिंह द्वारा 59वें मिनट में किए गोल की बदौलत फ्रांस के खिलाफ जीत हासिल की। फ्रांस विश्व रैंकिंग में 18वें पायदान पर है। इसके बावजूद उसने भारतीय टीम की रक्षा पंक्ति को कई बार चौंकाया।

विश्व रैंकिंग में 17वें पायदान पर काबिज पोलैंड की बात करें तो टीम को पहले मुकाबले में चार बार के विश्व चैम्पियन पाकिस्तान से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। हार के बाजवूद पोलैंड का प्रदर्शन इस मैच में सराहनीय रहा।

ऐसे में भारतीय टीम को भी सावधान रहने की जरूरत होगी।

भारतीय कप्तान सरदार सिंह के अनुसार, “सिडनी ओलंपिक में पोलैंड से मिली हार भारतीय खिलाड़ी भूले नहीं हैं और इस बार वैसी गलती नहीं होगी। हम गेंद को ज्यादा से ज्यादा अपने पास रखने और आक्रामक हॉकी खेलने की रणनीति जारी रखेंगे।”

सरदार के अनुसार पहले मैच में मिली जीत से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है।

सरदार ने कहा, “पोलैंड एक अच्छी टीम है और अगर वे सेमीफाइनल में हैं तो इसका मतलब है कि उनके पास कुछ अच्छे खिलाड़ी हैं और हम उन्हें हल्के में नहीं ले सकते।”

भारतीय टीम के लिए निश्चित रूप से कप्तान सरदार, मिडफिल्डर गुरबाज सिंह, धर्मवीर सिंह, चिंग्लेनसाना सिंह और युवा ललित उपाध्याय की भूमिका अहम होगी। फॉरवर्ड खिलाड़ियों में रमनदीप, आकाशदीप सिंह, निकिन थिम्मैया और देवेंद्र सुनील वाल्मिकी और युवराज वाल्मिकी पर गोल के मौके पैदा करने का दारोमदार होगा।

भारतीय टीम को कप्तान पॉल वैन ऐस ने कहा कि पहला मैच भारत के लिहाज से अच्छा रहा और टीम इस प्रदर्शन को जारी रखने की कोशिश करेगी। वैन ऐस के अनुसार पोलैंड के खिलाफ मैच के लिए टीम में कुछ बदलाव भी किए जा सकते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493