एचडब्ल्यूएल : भारतीय महिलाओं की नजर ओलम्पिक पर

एंटवर्प, 19 जून (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम शनिवार को हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल के माध्यम से रियो ओलंपिक-2016 के लिए क्वालीफाई करने का अपना अभियान शुरू करेगी।

एचडब्ल्यूएल सेमीफाइनल में 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं और टूर्नामेंट में भारत को आस्ट्रेलिया, बेल्जियम, न्यूजीलैंड तथा पोलैंड के साथ पूल-बी में रखा गया है।

टूर्नामेंट में शीर्ष-तीन में जगह बनाने वाली टीमें अगले साल होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई कर जाएंगी।

वहीं, शीर्ष-4 टीमें दिसंबर में अर्जेंटीना में होने वाले एचडब्ल्यूएल फाइनल का रूख करेंगी।

भारतीय महिलाओं के लिए हालांकि टूर्नामेंट का सफर आसान नहीं रहने वाला है। भारत अपने पूल में पोलैंड को छोड़ सभी टीमों से विश्व रैंकिंग में नीचे हैं।

भारतीय महिलाएं टूर्नामेंट का अपना पहला मैच बेल्जियम के खिलाफ खेलेंगी। भारतीय महिला टीम ने आखिरी बार वर्ष-2014 में ग्लास्गो में हुए चैम्पियंस चैलेंज-1 में बेल्जियम के खिलाफ दो मैच खेले थे और दोनों मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा। भारत निश्चित ही इस अनचाहे सिलसिले को खत्म करना चाहेगा।

भारतीय कप्तान रितु रानी ने मैच से पूर्व कहा, “शनिवार का मुकाबला हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा क्योंकि इसमें मिली जीत हमारा आत्मविश्वास बढ़ाएगी। हमारी मुख्य कोशिश गेंद को ज्यादातर समय अपने कब्जे में रखने की होगी। हम अगर ऐसा कर पाते हैं तो निश्चित ही प्रतिद्वंद्वी टीम पर दबाव बनाने में कामयाब होंगे और गोल के बेहतर मौके भी बना सकेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493