एडिलेड टी-20 : भारत और आस्ट्रेलिया के बीच पहला मैच आज

एडिलेड, 26 जनवरी (आईएएनएस)। भारत और आस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मैच मंगलवार को एडिलेड ओवल मैदान पर खेला जाएगा।

पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला हारने से आहत भारतीय टीम ने हालांकि अंतिम मुकाबले में जीत हासिल की थी और अब उसकी कोशिश इस लय को बनाए रखने की होगी।

आस्ट्रेलिया ने भारत को एकदिवसीय श्रृंखला में 4-1 से मात दी थी।

यह टी-20 श्रृंखला इस लिहाज से भी अहम है क्योंकि इसी साल मार्च में भारत की मेजबानी में टी-20 विश्व कप भी होना है। इस श्रृंखला से दोनों टीमों को विश्व कप से पहले अपनी तैयारी को परखने का मौका भी मिलेगा।

शुरू के चार मैच जीत कर आस्ट्रेलिया ने भारत को काफी परेशान किया था लेकिन अंतिम मैच में भारत ने शानदार खेल दिखाया था और जीत हासिल की थी। उस जीत के बाद भारत का मनोबल बढ़ा होगा जो टी-20 में काम आएगा।

टी-20 में भारत की टीम में युवराज सिंह, सुरेश रैना, तेज गेंदबाज आशीष नेहरा और स्पिनर हरभजन सिंह की वापसी हुई है। जिनके आने से टीम मजबूत नजर आ रही है।

मंगलवार को होने वाले मैच में इन खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया जा सकता है।

दूसरी तरफ शानदार फॉर्म में चल रही आस्ट्रेलिया को अपने धुरंधर बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल के बिना ही मैदान पर उतरना पड़ेगा। आस्ट्रेलिया के पास हालांकि डेविड वार्नर, एरॉन फिंच, स्टीवन सिम्थ और शॉन मार्श जैसे बल्लेबाज हैं जो उनकी कमी पूरी कर सकते हैं।

बिग बैश लीग में शानदार प्रदर्शन करने वाले उस्मान ख्वाजा को भी टीम में शामिल किया जा सकता है।

भारत ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ नौ टी-20 मैच खेले हैं जिसमें उसे पांच मैचों में जीत मिली है। अगर भारत, आस्ट्रेलिया को इस तीन मैचों की टी-20 श्रृंखला में 3-0 से हरा देता है तो वह टी-20 में शीर्ष स्थान पर आ जाएगा। भारत इस समय रैंकिंग में आठवें स्थान पर है।

टीमें (सम्भावित) :

आस्ट्रेलिया : डेविड वार्नर, एरॉनव फिंच (कप्तान), स्टीवन स्मिथ, क्रिस लयन, ट्रेविस हेड, शेन वाटसन, जेम्स फॉल्कनर, मैथ्यू वेड (विकेट कीपर), जॉन हेस्टिंग्स, नाथन लॉयन, कैमरन वॉयस, शॉन टेट।

भारत : शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली, सुरेश रैना, युवराज सिंह, महेन्द्र सिंह धौनी (कप्तान/विकेट कीपर), हार्दिक पंड्या, रविन्द्र जडेजा, रविचन्द्रन अश्विन, हरभजन सिंह, जसप्रीत बुमराह, आशीष नेहरा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493