लंदन, 18 अगस्त (आईएएनएस)। दो बार के ओलम्पिक चैम्पियन लंबी दूरी के धावक मो फाराह ने कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ (आईएएएफ) के उपाध्यक्ष सेबास्टियन कोए यदि अध्यक्ष बनते हैं तो वह एथलेटिक्स में बदलाव ला सकते हैं।
58 वर्षीय कोए आईएएएफ के अगले अध्यक्ष पद के दावेदार हैं और यूक्रेन के पूर्व पोल वॉल्ट खिलाड़ी सर्जेई बुबका उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी हैं।
समाचार चैनल बीबीसी के वेब संस्करण पर पांच और 10 किलोमीटर स्पर्धाओं के मौजूदा चैम्पियन फाराह ने कहा, “वह बेहतर कर सकते हैं। मुझे उम्मीद है कि कोए अध्यक्ष चुने जाएंगे, क्योंकि वह एथलेटिक्स में बदलाव ला सकते हैं।”
कोए ने एथलेटिक्स के प्रति विश्वसनीयता कायम रखने के लिए संसाधनों में बढ़ोतरी की अपील की है और एथलेटिक्स के लिए एक पृथक डोपिंग रोधी एजेंसी गठित करने का वादा किया है।
फाराह ने कहा, “कोए ने लंदन ओलम्पिक-2012 के लिए जो कुछ किया वह असाधारण था। मैं एथलेटिक्स में किसी बुरे व्यक्ति को नहीं देखना चाहता, क्योंकि यह एक ऐसा खेल है जिसे हम रोजमर्रा जीवन में खेलते हैं और जिसे हम बेहद चाहते हैं।”
dharmpath.com dharmpath