एनएसई का पवन ऊर्जा परियोजना में निवेश

चेन्नई, 25 अगस्त (आईएएनएस)। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने 6.25 मेगावाट क्षमता वाली एक पवन ऊर्जा परियोजना में निवेश किया है। यह जानकारी मंगलवार को सुजलॉन समूह ने दी। इस परियोजना के साथ एनएसई पवन ऊर्जा परियोजना में निवेश करने वाला देश का पहला शेयर बाजार बन गया है।

सुजलॉन समूह ने एक बयान में कहा कि 6.25 मेगावाट की परियोजना की आपूर्ति और संचालन के लिए वह एनएसई की प्रौद्योगिकी साझेदार है।

बयान में कहा गया है, “परियोजना की पूर्णता एनएसई और सुजलॉन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, क्योंकि एनएसई अपने बिजली उपयोग के लिए पवन ऊर्जा इकाई स्थापित करने वाला देश का पहला शेयर बाजार है। एनएसई के कार्यालय में खपत होने वाली कुल बिजली के 65 फीसदी की पूर्ति इस पवन ऊर्जा परियोजना से होगी।” एनएसई का कार्यालय मुंबई के बांद्रा-कुर्ला परिसर में स्थित एक्सचेंज प्लाजा भवन में है।

बयान के मुताबिक, एनएसई के प्रवक्ता महेश हल्दीपुर ने कहा, “हम इस प्रकार से कारोबार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिसमें स्वच्छ प्रौद्योगिकी के उपयोग से पर्यावरण की रक्षा होती है। अपने कामकाज में पवन ऊर्जा का उपयोग करना इसी दिशा में उठाया गया एक कदम है।”

उन्होंने कहा कि परिसर में बिजली बचाने वाले कई और उपाय भी अपनाए जा रहे हैं।

बयान के मुताबिक, सुजलॉन समूह के मुख्य बिक्री अधिकारी ईश्वर मंगल ने कहा, “पवन ऊर्जा में बढ़ रही रुचि और निवेश भारतीय कंपनियों द्वारा जलवायु परिवर्तन की समस्या से निपटने और ऊर्जा सुरक्षा के लिए की जा रही कोशिशों का गवाह है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493