एन. चंद्रशेखरन होंगे टाटा संस के नए चेयरमैन (लीड-1)

मुंबई, 12 जनवरी (आईएएनएस)। टाटा समूह की कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक नटराजन चंद्रशेखरन (53) को गुरुवार को टाटा संस का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया।

103 अरब डॉलर के वैश्विक साम्राज्य वाले टाटा समूह के 148 साल के इतिहास में पहली बार प्रमुख पद पर किसी गैरपारसी को नियुक्त किया गया है।

टाटा संस ने एक बयान जारी कर कहा कि चंद्रशेखरन 21 फरवरी को पद संभालेंगे। इसमें कहा गया, “चंद्रशेखरन ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक के रूप में अनुकरणीय नेतृत्व का प्रदर्शन किया है। हमारा मानना है कि वह समूचे टाटा समूह को उसके संबंधित व्यवसायों में नेतृत्व क्षमता का अहसास कराएंगे और हमेशा हमारे मूल्यों और नैतिकता को ध्यान में रखते हुए टाटा समूह की प्रथाओं का पालन करेंगे।”

चंद्रशेखरन को पिछले साल अक्टूबर में साइरस मिस्त्री को हटाने के एक दिन बाद टाटा संस का अतिरिक्त निदेशक बनाया गया था। इस घोषणा से कुछ घंटे पहले ही चंद्रशेखरन ने टाटा कंस्लटेंसी सर्विसेज के प्रमुख के तौर पर उम्मीद से बढ़कर तीसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान किया था।

मिस्त्री को टाटा संस के चेयरमैन के पद से 24 अक्टूबर को हटा दिया गया था और उनकी जगह रतन टाटा को अंतरिम चेयरमैन नियुक्त किया गया था। साथ ही एक चेयरमैन की नियुक्ति के लिए एक समिति बनाई गई थी।

टाटा संस ने बताया कि चयन समिति ने सर्वसम्मति से चंद्रशेखरन का चयन किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493