ब्रसेल्स, 17 जुलाई (आईएएनएस)। यूरोपीय संघ (ईयू) ने मलेशिया एयरलाइन्स के विमान एमएच-17 को मार गिराए जाने की दूसरी बरसी पर रविवार को इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार लोगों पर मुकदमा चलाने की मांग की है। विमान को पूर्वी यूक्रेन में मार गिराया गया था।
समाचार एजेंसी ‘एफे न्यूज’ की रिपोर्ट के मुताबिक, विदेश मामलों और सुरक्षा नीति की ईयू की उच्च प्रतिनिधि फेडरिका मोघेरिनी ने एक बयान में कहा, “ईयू 17 जुलाई, 2014 को हुई विमान एमएच-17 की त्रासदी को याद करता है और (इस हादसे में) अपने करीबियों को खोने वालों के प्रति फिर से सहानुभूति दर्शाता है। हम सभी दो साल पहले जो हुआ उसे दुख और तकलीफ से याद कर रहे हैं।”
इतालवी राजनीतिज्ञ ने कहा कि ‘संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद संकल्प 2166’ की मांग है कि ‘एमएच-17 को मार गिराने में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए और न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए।’
उन्होंने कहा, “ईयू संयुक्त जांच टीम के कार्य में पूरा समर्थन देने के संकल्प को फिर दोहराता है।”
मोघेरिनी ने कहा, “वे देश जो जांच में सहयोग देने और हादसे के जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाने में सहायता देने की स्थिति में हैं, उन्हें चल रही आपराधिक जांच में पूरा सहयोग करना चाहिए।”
नीदरलैंड्स की राजधानी एम्सटरडम से क्वालालंपुर जा रहे मलेशियाई विमान एमएच-17 को पूर्वी यूक्रेन के रूस समर्थक विद्रोहियों के कब्जे वाले एक क्षेत्र से जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल के जरिए मार गिराया गया था। इसमें सवार 298 यात्री और चालक दल के सदस्य मारे गए थे।
dharmpath.com dharmpath