एमएलएस में खेलने का लुत्फ उठा रहे गेरार्ड

लॉस एंजेलिस, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) में लीवरपूल की ओर से एक दशक से भी अधिक समय तक खेल चुके मिडफील्डर स्टीवन गेरार्ड इन दिनों अमेरिकी लीग टूर्नामेंट मेजर सॉकर लीग (एमएलएस) में खेलने का लुत्फ उठा रहे हैं।

35 वर्षीय गेरार्ड ने लीवरपूल में 17 वर्ष बिताने के बाद इसी वर्ष एमएलएस क्लब लॉस एंजेलिस गैलेक्सी से करार किया।

इंग्लिश प्रीमियर लीग के बेहद तनावपूर्ण और अपेक्षाओं के दबाव वाले माहौल से निकल अमेरिकी लीग में खेलते हुए गेरार्ड का मानना है कि एमएलएस में खेलना थोड़ा सहज है।

समाचार पत्र गार्डियन ने शनिवार को गेरार्ड के हवाले से कहा, “यहां खेलना काफी सहज है। यहां खेल का वैसा तनाव नहीं है। लोग यहां मैच देखने पूरे परिवार के साथ आते हैं, यहां मैच मौज-मस्ती वाले किसी उत्सव जैसा होता है।”

गेरार्ड ने कहा, “प्रीमियर लीग में हमेशा आक्रामकता बनी रहती है। इंग्लैंड में आपको हर कहीं से दबाव महसूस होगा। आपको लगेगा कि आपको हर दिन अपने खेल से मैनेजर को प्रभावित करना है, हर बार लाखों प्रशसंकों की अपेक्षाओं पर खरे उतरना है। 17 वर्ष इतने दबाव वाले माहौल में खेलने के बाद अमेरिका में खेलना काफी सुखद लग रहा है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493