एलिजाबेथ एकदिवसीय : द. अफ्रीका ने आस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराया (लीड-2)

पोर्ट एलिजाबेथ, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका ने रविवार को सेंट जॉर्ज पार्क में हुए चौथे अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय मैच में आस्ट्रेलिया को छह विकेट से हरा दिया।

दक्षिण अफ्रीका ने आस्ट्रेलिया से मिले 168 रनों के औसत लक्ष्य को 87 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।

दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी सर्वोच्च विश्व वरीय आस्ट्रेलियाई एकदिवसीय टीम को 36.4 ओवरों में 167 रनों पर ढेर कर दिया और उसके बाद कप्तान फॉफ डू प्लेसिस (69) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत चार विकेट खोकर 35.3 ओवरों में 168 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।

एक औसत लक्ष्य के खिलाफ हालांकि दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसके दोनों सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला (4) और क्विंटन डी कॉक (18) सस्ते में पवेलियन लौट गए।

दोनों ही विकेट आस्ट्रेलिया के युवा तेज गेंदबाज और करियर का तीसरा मैच खेल रहे क्रिस ट्रीमेन ने लिए।

हालांकि इसके बाद डू प्लेसिस को अपनी टीम को जीत तक पहुंचाने में खास मशक्कत नहीं करनी पड़ी। इसमें उनका साथ ज्यां पॉल ड्यूमिनी (25) और रिली रोसू (नाबाद 33) ने दिया।

डू प्लेसिस हालांकि लक्ष्य से थोड़ा ही पहले आउट हो गए। मिशेल मार्श की गेंद पर ट्रेविस हेड ने उनका कैच लपका। प्लेसिस ने 87 गेंदों में आठ चौके लगाए।

रोसू ने तेज हाथ दिखाए और 45 गेंदों में पांच चौके लगाकर अंत तक नाबाद रहे।

इससे पहले, टॉस हारकर गेंदबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने अपने स्टार गेंदबाज डेल स्टेन की गैर मौजूदगी के बावजूद शानदार शुरुआत की और पहले ही ओवर में एरॉन फिंच (2) को पवेलियन की राह दिखा दी।

काइल एबॉट के इस पहले झटके से अभी आस्ट्रेलियाई टीम उबर भी नहीं पाई थी कि पिछले मैच में शतकीय पारी खेलने वाले डेविड वार्नर (6) को भी एबॉट ने तीसरे ही ओवर में चलता कर दिया।

करियर की तीसरा एकदिवसीय खेल रहे डेनियर प्रिटोरियस ने अगले ही ओवर में जॉर्ज बेले (1) का विकेट चटकाकर आस्ट्रेलिया की कमर ही तोड़ दी।

कप्तान स्टीवन स्मिथ (21) ने इसके बाद मिशेल मार्श (50) के साथ कुछ हद तक संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन करियर का तीसरा मैच खेल रहे तबरेज शम्सी की गेंद पर वह पगबाधा करार दिए गए।

शम्सी ने इसी ओवर में ट्रेविस हेड को भी पवेलियन की राह दिखा दी और 49 रन के कुल योग पर पांच विकेट गंवाकर आस्ट्रेलिया भारी मुसीबत में नजर आने लगा। मार्श ने इसके बाद हालांकि मैथ्यू वेड (52) के साथ छठे विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की और आस्ट्रेलिया को 100 रन के पार पहुंचाया।

मार्श हालांकि अर्धशतक पूरा करने तुरंत बाद एबॉट का शिकार हो पवेलियन लौट गए। उनका कैच विकेट के पीछे क्विंटन डी कॉक ने लपका। मार्श ने 72 गेंदों की पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया।

मार्श के जाने के साथ ही एकबार फिर आस्ट्रेलियाई विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया। जॉन हेस्टिंग्स (4) और एडम जाम्पा (5) जल्द ही पवेलियन लौट चुके थे।

क्रिस ट्रीमेन (नाबाद 23) ने इसके बाद वेड के साथ नौवें विकेट के लिए 46 रन जोड़े और आस्ट्रेलियाई टीम का स्कोर 150 के पार ले गए।

दक्षिण अफ्रीका के लिए एबॉट ने सर्वाधिक चार, जबकि शम्सी ने तीन विकेट हासिल किए। शम्सी के करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। एरॉन फैंगिसो ने दो विकेट हासिल किए।

इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने पांच मैचों की श्रृंखला में अपनी बढ़त 4-0 की कर ली।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493